“मेहनतकश जन जागो, अपना हक लड़कर मांगो!”
दिल्ली, 2 फरवरी। मांगपत्रक आन्दोलन के तहत उत्तर-पश्चिमी दिल्ली मज़दूर यूनियन और स्त्री मज़दूर संगठन ने बादली औद्योगिक क्षेत्र के राजा विहार, सूरजपार्क, संजय कॉलोनी तथा रोहिणी सेक्टर 26 और 27 एवं शाहाबाद डेयरी की मज़दूर बस्ती के साथ ही नरेला-बवाना औद्योगिक क्षेत्र के बवाना जे.जे. कॉलोनी, मेट्रो विहार, होलंबी कलां, शाहपुर गढ़ी, भोरगढ़, नरेला जे.जे. कॉलोनी में मज़दूर जुटान की गति को तेज कर दिया है। इसी के तहत, आज सुबह शाहाबाद डेयरी के मदर डेयरी चौक पर पर्चा वितरण किया गया। ‘6 फरवरी को दिल्ली सचिवालय चलो’ के पर्चे को ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने जलाने की कोशिश की, जिसे अभियान के साथियों और व्यापक मज़दूर आबादी ने नाकाम करते हुए मज़दूर एकता ज़िन्दाबाद के नारे भी लगाये।
उधर, विरोधी तत्वों द्वारा उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में इस आन्दोलन के संपर्क केंद्र ‘शहीद भगतसिंह पुस्तकालय’ की खिड़की से रात को पत्थर फेंके गए। इससे यह साबित होता है कि मज़दूर हितों से गद्दारी करने वाले तत्व हताशा में एक-पर-एक निकृष्ट हरकतें करते जा रहे हैं। दूसरी ओर, ठेका प्रथा खत्म करने, न्यूनतम मज़दूरी लागू करने, झुग्गीवासियों को पक्के मकान देने सहित मज़दूरों के हकों की मांगों के प्रति हज़ारों मज़दूरों का समर्थन-सहयोग व्यापक से व्यापक होता जा रहा है।
The post “मेहनतकश जन जागो, अपना हक लड़कर मांगो!” appeared first on Workers' Charter Movement.