समयपुर बादली के लेबर चौक और संजय कॉलोनी में प्रचार
दिल्ली, 3 फरवरी। आज मांगपत्रक अभियान के तहत उत्तर-पश्चिमी दिल्ली मज़दूर यूनियन और स्त्री मज़दूर संगठन ने संयुक्त रूप से समयपुर, बादली के लेबर चौक और संजय कॉलोनी में प्रचार-अभियान चलाकर लोगों को इस पूरे आंदोलन के बारे में बताया और एकजुट होने का आह्वान किया। संजय कॉलोनी की संकरी गलियों की गंदी नालियों के किनारे बनी झुग्गियों में जगह-जगह सभा की गयी और ‘6 फरवरी को दिल्ली सचिवालय चलो’ के पर्चे बांटे गए। इससे पहले अभियान की शुरुआत लेबर चौक से की गई। कल रात को दीवार लेखन किया गया था, तो आज प्रचार अभियान के बाद जगह-जगह पोस्टर लगाए गए।
लेबर चौक पर काम की तलाश में निकले मज़दूर सुबह कुछ नौजवानों को सिर पर और बाजुओं पर लाल पट्टी बांधे नारे लगाते देखकर पहले तो कुछ चौंक-से गए, लेकिन जब साथियों ने अपनी बात रखी और पर्चा बांटना शुरू किया तो चारों और मज़दूर इकट्ठा हो गए और पुरजोर तरीके से मज़दूरों की एकजुटता पर जोर दिया। इसके बाद यूनियन और स्त्री मज़दूर संगठन के कार्यकर्ता संजय कॉलोनी पहुंचे, जहां के हालात अन्य किसी भी उपेक्षित बस्ती से बहुत अलग नहीं थे। यहां भी बीच-बीच में सभाएं की गयीं और घर-घर जाकर ‘6 फरवरी को दिल्ली सचिवालय चलो’ अभियान के बारे में बताया गया। आज भी प्रचार अभियान के दौरान ‘आप’ के दो कार्यकर्ताओं से झड़प हुई जिससे साथियों ने विनम्रतापूर्वक अपनी बात कहकर टाल दिया। प्रचार अभियान के बाद कई मज़दूरों को साथ लेकर साथियों ने पूरे इलाके में मांगपत्रक आंदोलन के तहत 6 फरवरी को दिल्ली सचिवालय चलने के बारे में पोस्टर लगाए।
The post समयपुर बादली के लेबर चौक और संजय कॉलोनी में प्रचार appeared first on Workers' Charter Movement.